अंब (ऊना)। डेरा बाबा बडभाग सिंह मैड़ी में टाटा सूमो की टक्कर से सड़क किनारे बैठी वृद्धा श्रद्धालु की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अमन कौर पत्नी मैहल सिंह निवासी रूपो वाली कलां अड्डा कत्थू नंगल अपनी तीन वर्षीय पोती के साथ मैड़ी में धौलीधार मार्ग पर सड़क किनारे बैठी थी इसी दौरान सवारियां उतारकर जा रही जीप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घायल होने के कारण उसे सिविल अस्पताल अंब लाया गया। लेकिन, उसे बचाया नहीं जा सका। मृतका के पोते ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है। मृतका अपने परिवार के सदस्यों के साथ बाबा बालक नाथ मंदिर, पीर निगाह में माथा टेकने के बाद मैड़ी आई थी। अंब के थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।