गगरेट (ऊना)। स्थानीय पुलिस ने शिवबाड़ी के पास एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरमेश लाल पुत्र जोगिंद्र पाल निवासी फिल्लौर जिला जालंधर पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से करीब 5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गगरेट पुलिस की टीम ने अतिरिक्त थाना प्रभारी अमरीक सिंह की अगुवाई में शिवबाड़ी के पास नाकेबंदी की हुई थी। इसी दौरान आरोपी हरमेश वहां गुजर रहा था। पुलिस ने उसे रोका और संदेह के आधार पर तलाशी ली।
उनके पास से करीब 5 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। उन्होंने कहा आरोपी से पता लगाया जा रहा है कि आखिर नशीला पदार्थ लेकर किसको को सप्लाई करने जा रहा था। गौरतलब है कि गगरेट क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा हुआ है। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने कहा कि क्षेत्र से नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों को भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।