अंब (ऊना)। पुलिस थाना अंब के तहत काशीपुर में एक घर से गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार शेर सिंह पुत्र गुज्जर सिंह निवासी काशीपुर अंब ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह बीएसएनएल में कार्यरत है। मंगलवार देर रात वह खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ सोने चला गया। बुधवार सुबह जब उसकी पत्नी उठी और पशुशाला में दूध लेने के लिए गई तो उसने देखा कि पशुशाला का दरवाजा खुला हुआ था। उसके साथ लगते कमरे की खिड़की टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो पाया कि कमरे में रखी अलमारी में चाबी लगी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। उसने बताया कि पिछले दिन उन्होंने गौशाला के साथ लगते कमरे में रखी अलमारी खोली थी और बाद में ताला लगाना भूल गए थे। चाबी अलमारी के साथ ही लगी रह गई थी। चोरों ने इसका फायदा उठाया और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। अंब के थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।