चिंतपूर्णी/भरवाईं(ऊना)। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भरवाईं के पास एक सूमो गाड़ी से 11 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब समेत गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जगबीर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर समनोली रोड नारी चिंतपूर्णी में मौजूद थे तो एक सूमो गाड़ी ढोंटा रोड़ से आई। गाड़ी चालक पुलिस की टीम को देखकर गाड़ी को पीछे मोड़ कर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान थाना प्रभारी ने गाड़ी की पीछा करते हुए तलवाड़ा बाईपास के पास गाड़ी चालक को धर दबोचा। गाड़ी की तलाशी लेने पर 11 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की गई। आरोपी की पहचान पवन कुमार पुत्र मोती राम उम्र 33 साल निवासी बेह, डाडासीबा के रूप में हुई है। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने आरोपी पवन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ी को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी शराब की सप्लाई कहां लेकर जा रहा था।