ऊना। जिला मुख्यालय में पेश आई दो अलग-अलग वारदातों में दो युवक बुरी तरह से लहूलुहान हो गए। वारदात में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात घूंसे और लाठियां चलाईं। घायलों को उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायतों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मामलों में आपसी कहासुनी मुख्य कारण बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अंकुश निवासी गांव भोरंज जिला हमीरपुर ने पुलिस थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है कि ऊना के निजी होटल में काम करता है। होटल मालिक से पैसे के लेन-देने को लेकर विवाद हो गया और वह काम छोड़कर चला गया। रविवार सुबह होटल मालिक निवासी ऊना ने बस स्टैंड के पास उससे मारपीट की। इससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट में घायल हुए अंकुश को मेडिकल व उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इसके अलावा ऊना कॉलेज के पास सड़क पर शनिवार देर रात तीन युवकों ने रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठियों एवं डंडों से हमला कर दिया। वारदात में गुरदीप सिंह निवासी गांव अरनियाला बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। वारदात के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है।
उधर, एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि आरोपी रजत, दीपक राणा दोनों निवासी गांव बहड़ाला व मनी निवासी मैहतपुर जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।