जमीनी विवाद को लेकर मारपीट, दो घायल
अंब के दियाड़ा गांव में दो गुट भिड़े
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। उपमंडल के दियाड़ा गांव में जमीनी विवाद को लेकर कहासुनी में दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूसों से हमला कर दिया। वारदात में दो लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार और मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को विपन कुमार निवासी दियाड़ा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि जमीनी विवाद को लेकर उसके भाई ने उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में पवन और कुलबीर कौर को चोट आई है। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।