नंगल। पींघबड़ी गांव में अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई। मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने गांव के सरपंच को हिरासत में लिया है और दो दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं गांववासियों ने पुलिस पर कथित तौर पर बेवजह लाठीचार्ज करने व महिलाओं को गालियां निकालने का आरोप लगाया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हवलदार निरपाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सरपंच सहित दो दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर सरपंच को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी जीपी सिंह ने बताया कि उन्हें पींघबड़ी में अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शुक्रवार को थाना प्रभारी गुरजीत सिंह व नया नंगल चौकी के प्रभारी नरिंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर ट्राली में रेता लेकर जा रहा चालक मौके से फरार होने लगा। पुलिस चालक को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो मौके पर मौजूद गांव के सरपंच और खनन करने वालों ने पुलिस टीम को रोक दिया और कथित तौर पर मारपीट की। इस दौरान पुलिस कर्मियों की वर्दियां भी फाड़ दी गईं। पुलिस ने गांव के सरपंच रामलाल, तारा सिंह, राजेंद्र कुमार, उजागर सिंह, राकेश कुमार, सुच्चा सिंह, सतीश चंद, मनोज कुमार के अलावा एक दर्जन के करीब अन्य लोगों के खिलाफ 353,186, 341, 506, 148,149 आईपीसी व खनन की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गांव के सरपंच को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने गांव के लोगों द्वारा लगाए गए लाठीचार्ज के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
उधर, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी से मुलाकात कर पुलिस द्वारा लोगों के साथ धक्केशाही न करने की मांग उठाई है। लोगों पर लाठीचार्ज करने के मुद्दे को लेकर भाजपा नेता डॉ. परमिंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिसमें नंगल नगर कौंसिल के पूर्व चेयरमैन राकेश शर्मा, राजेश चौधरी, डॉ. जीवन कुमार, मोहन लाल चौधरी, कंवर पोसवाल, राम कुमार सहोड़ा, जत्थेदार रणजीत सिंह भट्टी, बचित्र सिंह, परमजीत सिंह आदि ने डीएसपी नंगल से मिलकर पुलिस की कार्रवाई पर विरोध दर्ज करवाया।