भरवाईं (ऊना)। बिलासपुर में दो-तीन महीने पहले राजस्थान के एक श्रद्धालु से ठगी करने वाले आरोपी को चिंतपूर्णी मंदिर में आना महंगा पड़ गया। ठगी का शिकार हुआ श्रद्धालु भी चिंतपूर्णी मंदिर आया था। श्रद्धालु ने ठगी करने वाले व्यक्ति को पहचान लिया। उसे मौके पर ही पकड़कर मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया। होमगार्ड के इंचार्ज दिलदार सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
मामला वीरवार दोपहर का बताया जा रहा है। राजस्थान से माथा टेकने आए श्रद्धालु ने ठगी करने वाले बिलासपुर के आरोपी को पहचान लिया। वह आरोपी तक तरफ जाने लगा तो ठगी करने वाले व्यक्ति की चेहरे की हवाइयां उड़ गईं। श्रद्धालु ने उसे वहीं धर-दबोच लिया। उसने आरोपी को पकड़कर होमगार्ड जवानों के हवाले कर दिया। राजस्थान के श्रद्धालु ने बताया कि जब वह बिलासपुर गया था तो तो आरोपी ने बाजार में ठगी करके उससे सोने की चेन ले ली थी। इसकी कीमत 20 हजार रुपये के करीब थी।
होमगार्ड के इंचार्ज दिलदार सिंह का कहना है कि ठगी करने वाले आरोपी को श्रद्धालु ने मंदिर में पहचान लिया। लेकिन इस ठगी की बिलासपुर थाने में उस दौरान कोई शिकायत दर्ज न होने के कारण ठग को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।