दौलतपुर चौक (ऊना)।
जोह गांव के वार्ड 3 में अधेड़ व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जोह निवासी विजय कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ऊना स्थित रीजनल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार था।
पुलिस के मुताबिक विजय कुमार रविवार तड़के घर के पीछे बिजली की तार का फंदा बनाकर उस पर लटक गया। इससे उसकी मौत हो गई। सुबह करीब 6 बजे उसकी पत्नी ने पति को फंदे पर झूलते देखा। उसने इसकी सूचना पंचायत प्रधान और दौलतपुर चौक पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया। विजय कुमार लंबे समय से बीमार था। उसका उपचार भी लगातार जारी था, लेकिन वह बीमारी के चलते बुरी तरह तनावग्रस्त हो चुका था। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बच्चे को छोड़ गया है। बच्चों के दिव्यांग होने के कारण भी वह परेशान था। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।