शराब ठेकों और ढाबों पर पुलिस की छापामारी
बिना लाइसेंस चल रहे अहाते भी करवाए बंद
रक्कड़, बहड़ाला और मैहतपुर में पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस ने जिला मुख्यालय समेत रक्कड़, बहड़ाला और मैहतपुर में शराब ठेकों पर छापामारी की। इससे ठेका संचालकों में हड़कंप मच गया। डीएसपी ऊना अशोक वर्मा और सदर थाना प्रभारी दर्शन सिंह ने टीम के शराब ठेकों पर छापामारी कर शराब के स्टॉक की जांच की। इसके अलावा अहातों के लाइसेंस की भी जांच की। कई अहाता संचालक लाइसेंस नहीं दिख पाए, जिस पर पुलिस ने बिना लाइसेंस चल रहे अहाते बंद करवा दिए। लाइसेंस न होने पर पुलिस ने अहाते में बैठकर शराब पी रहे लोगों को भी भगाया। जिन ठेकों में शराब का स्टॉक तय मात्रा से अधिक पाया गया, ऐसे ठेकों को भी पुलिस ने बंद करवा दिया।
डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि शराब ठेकों का स्टॉक और अहातों के लाइसेंस चेक किए गए। मौके पर लाइसेंस न होने पर बहड़ाला में एक अहाता बंद करवाया गया। इसके अलावा रक्कड़ में ठेका और अहाता बंद करवाया गया। मैहतपुर में भी एक ढाबे में अवैध शराब पकड़ी।