अमर उजाला ब्यूरो
संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र के सनोली निवासी व्यक्ति के खाते से हजारों रुपये की नकदी उड़ाने का मामला सामने आया है। खाते से पैसे निकलने का पता पीड़ित व्यक्ति को तब पता चला जब वह अपनी पेंशन लेने और पासबुक में एंट्री करवाने बैंक में पहुंचा।
पीड़ित ने खाते से पैसे चोरी करने की शिकायत संतोषगढ़ पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सनोली गांव के राम प्यारा ने पुलिस चौकी संतोषगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई है कि वे पंजाब रोडवेज से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके पेंशन खाते से शातिरों ने 55 हजार की राशि निकाली है। राम प्यारा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खाते से पैसे चोरी होने का उन्हें तब पता चला जब वह अपनी पेंशन अकाउंट की पास बुक की एंट्री करवाने बैंक में पहुंचे। जब उन्होंने पास बुक की एंट्री करवाई तो खाते से 55 हजार रुपये की राशि निकालने का पता चला।
उन्होंने बताया कि शातिर ने संतोषगढ़ के एटीएम से 20 हजार, गढ़शंकर से 10 हजार तथा छह हजार का हरियाणा में किसी पेट्रोल पंप से तेल डलवाया है। इसके अलावा 19 हजार की राशि किसी अन्य जगह से निकाले हैं। संतोषगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित राम प्यारा की शिकायत के आधार मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।