ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत एक निजी अस्पताल में तैनात महिला कर्मचारी ने एक युवक के खिलाफ उसे फोन पर अश्लील बातें कर तंग करने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक को थाना में तलब किया है। जानकारी के अनुसार ऊना के एक निजी अस्पताल में बतौर नर्स सेवाएं दे रही युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऊना के एक गांव का युवक उससे फोन पर अश्लील बातें करता है। पीड़िता का आरोप है कि युवक आए दिन फोन करता है और किसी को न बताने की बात कह जान से मारने की धमकी देता है। युवती ने बताया कि युवक को कई बार फोन न करने के लिए कहा गया, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक को थाना तलब किया गया है।