मैहतपुर (ऊना)। क्षेत्र के जखेड़ा में एक कार सवार युवक पर जानलेवा हमला कर उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक के रिश्तेदार प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अजय कुमार निवासी ऊना अजौली से मैहतपुर की ओर जा रहा था कि जखेड़ा पहुंचने पर चार बाइक सवार अज्ञात युवकों ने कार के शीशे तोड़कर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। आरोपी युवकों ने अजय को जबरन जहरीला पदार्थ भी खिला दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। गाड़ी में बेहोश पड़े अजय की गंभीर हालत में होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित को गंभीर हालत में ऊना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मारपीट के पीछे आरोपियों की क्या मंशा रही है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस अभी पीड़ित युवक के ब्यान भी कलमबद्ध नहीं कर पाई है। गंभीर हालत होने के चलते पीड़ित उपचाराधीन है। हालत में सुधार आने पर ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस ने इस संबंध में शिकायतकर्ता की शिकायत पर मामला धारा 341, 328, 427, 34 के तहत दर्ज कर लिया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।