ऊना। जालंधर के समीप रामामंडी क्षेत्र में हुई लाखों की लूट और हथियारों से जुड़े मामले में पुलिस ने ऊना से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी युवक को अपने साथ ले गई है। आरोपी जनकौर और भदौड़ी के रहने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार जालंधर रामामंडी स्थित पुलिस की टीम दो गाड़ियों सहित ऊना थाना पहुंची। इसके बाद पुलिस ने जनकौर में दबिश दी जहां ट्यूबवेल से दो युवकों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान रॉकी उर्फ प्रिंस निवासी जनकौर तथा जसवीर सिंह निवासी भदोड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंजाब में हुई इस लूट में पहले भी कुछ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस आरोपियों से देसी कट्टा, कारतूस, बाइक समेत लाखों रुपये बरामद कर चुकी है। मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। हालांकि, जनकौर निवासी रॉकी उर्फ प्रिंस ने आरोपियों को अपने यहां पनाह दे रखी थी, जिसे पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। उधर, एएसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि पंजाब पुलिस की टीम ने दोनों युवकों को थाना में दर्ज एफआईआर के तहत गिरफ्तार किया है।