अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैडी माथा टेकने आए श्रद्धालुओं में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। करीब आधा दर्जन लोगों ने एक व्यक्ति को पीट-पीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मारपीट के बाद घायल व्यक्ति को मरा हुआ समझ सुनसान जगह पर ही छोड़ कर चले गए।
मारपीट में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह पुत्र जोंगिन्द्र सिंह निवासी गांव नशेरा पनुआ तहसील-जिला तरनतारन पंजाब ने पुलिस थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई है कि 18 मार्च को उसे चार लोगों ने कहा कि डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी घूमकर आते हैं।
जहां मेले में वह तंबुओं में रुके थे। रात के समय उक्त लोग उसे स्नान करने के नाम पर साथ लेकर गए और रास्ते में सुनसान जगह देखकर उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कथित रूप से आरोपी कह रहे थे तुमने उनके भाई का माल पकड़वाया है। बाद में आरोपी उसे मरा समझकर मौके पर छोड़ गए। डीएसपी अंब मनोज जंवाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।