ऊना।
जिला के गांव भटोली और मरवाड़ी में एटीएम कार्ड बदलकर दो लोगों के खातों से करीब दो लाख की नकदी पर हाथ साफ करने के मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार पहले मामले में दौलतपुर चौकी में पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सुनीता देवी निवासी पंचकूला हरियाणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ रोज पहले वह अपने मायके मरवाड़ी पहुंची थीं। पैसे न होने के कारण अपने भतीजे को एटीएम में पैसे निकलवाने के लिए भेजा।
भतीजे को ज्यादा एटीएम के बारे में जानकारी न होने के चलते किसी युवक से मदद लेकर पैसे निकलवा लिए। कुछ दिनों बाद मोबाइल पर संदेश आया कि एटीएम से 39,500 रुपये निकाल लिए गए हैं। इस पर महिला ने दौलतपुर चौकी में शिकायत दी। दूसरे मामले में ऊना के भटोली निवासी जीत कौर ने बताया कि उनका अकाउंट मैहतपुर की एसबीआई शाखा में है। 26 जनवरी को मैहतपुर एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए गई थी। इस दौरान एक युवक भी एटीएम चैंबर में मौजूद था। पैसे निकलवाने के बाद जब स्लिप नहीं निकली तो पीछे खड़े युवक ने बोला कि मैं पर्ची निकाल देता हूं।
इसके बाद एटीएम कार्ड युवक ने ले लिया और पैसे निकलने की स्लिप निकालने लगा। महिला ने बताया कि पैसे निकालने के बाद वह घर चली गई। 30 जनवरी की शाम को मोबाइल पर 1.58 लाख रुपये निकलने के संदेश आया जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। महिला ने अपना एटीएम कार्ड देखा तो पाया कि एटीएम कार्ड उसका नहीं है। महिला ने तुरंत अपना एटीएम ब्लॉक करवाते हुए ऊना पुलिस को शिकायत दी। एसपी ऊना दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। मामलों को लेकर एटीएम के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपना पिन कोड कभी भी सांझा न करें।