अंब(ऊना)। मैड़ी में सुलभ शौचालय ठेकेदार हत्याकांड के दूसरे आरोपी को पुलिस ने लुधियाना पंजाब से पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी वहां मजदूरी के कार्य में लगा हुआ था। जानकारी के अनुसार अंब पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी खुशी लाल पुत्र मनु लाल निवासी भैंसी बिहार को लुधियाना में दबोच लिया। गौर हो कि गत 25 अगस्त को विजेंद्र यादव पुत्र जऊत यादव निवासी बड़का राजपुर जिला बक्सर बिहार मैड़ी में सुलभ शौचालय कर्मचारी से कैश लेने के लिए गया था। जिसका सुलभ शौचालय के पिछली तरफ ढांक में कंबल में लपेट कर फेंका गया शव बरामद हुआ था। पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी बंटी पुत्र मलकीयत निवासी अंबोटा को हिरासत में लिया था, जो अभी न्यायिक हिरासत में है। जबकि मामले का दूसरा आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया था। अंब के डीएसपी मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी खुशी लाल पुत्र मनु लाल निवासी भौंसी बिहार को लुधियाना पंजाब से गिरफ्तार किया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।