ऊना। पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर छापामारी के दौरान तीन लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की खेप कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुुलिस थाना गगरेट के प्रभारी अपनी टीम के साथ बुधवार को शाम के समय गश्त पर गुगलैहड़ में मौजूद थे तो एक व्यक्ति के कब्जे से 9000 मिली अंग्रेजी शराब और 9000 मिली देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी रोहित निवासी पंजावर जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा गगरेट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अंबोटा में एक दुकान में छापामारी के दौरान दुकान से 90,000 मिली अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार निवासी अंबोटा तहसील घनारी जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी पुलिस थाना बंगाणा अपनी टीम के साथ गश्त पर बुुधान में मौजूद थे तो एक करियाने की दुकान में छापामारी के दौरान दुकान से 11 बोतलें देसी शराब बरामद की गईं। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी देव राज निवासी बुधान तहसील बंगाणा जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।