दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के भद्रकाली ग्राम पंचायत में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जिस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम को भद्रकाली ग्राम पंचायत के अंतर्गत रहने वाली एक महिला (27) की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिस पर उसे गंभीर अवस्था में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक में लेकर आए, जब ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उक्त महिला का चेकअप किया तो उसे ब्रॉट डेड घोषित किया गया। साथ ही इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की शादी एक वर्ष पूर्व भद्रकाली में हुई थी और उसकी एक माह की बच्ची है। महिला की मौत से दुधमुंही बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है। उधर, चौकी प्रभारी तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बीएमओ गगरेट डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि विभाग ने सरकारी दिशा निर्देशानुसार महिला की अचानक मौत को देखते हुए उसके सैंपल लेकर जांच हेतु टीएमसी भेज दिए हैं, ताकि पता चल सके कि मौत के क्या कारण हैं।