अंब (ऊना)। पुलिस की एसआईयू टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंब में एक मेडिकल एजेंसी से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खेप बरामद की है। विभाग की छापामारी से नशा माफिया में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कई दवा विक्रेता अपनी दुकानें बंद करके इधर-उधर खिसक लिए। वहीं पुलिस की एसआईयू टीम ने मेडिकल एजेंसी से मिली प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अंब में ऊना रोड पर एक मेडिकल एजेंसी से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की 350 गोलियां बरामद की गई हैं। ड्रग इंस्पेक्टर विकास ठाकुर की अगुवाई में आईओ एसआईयू के हेड कांस्टेबल विकास दीप, कांस्टेबल राजन ठाकुर और सुच्चा सिंह की टीम ने अंब में ऊना रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी में छापामारी की। इस दौरान प्रतिबंधित दवाइयों की साढे़ तीन सौ गोलियां बरामद कर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। ड्रग इंस्पेक्टर विकास ठाकुर ने बताया कि मेडिकल एजेंसी से प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ड्रग इंस्पेक्टर विकास ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि जिला में अगर कहीं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का कारोबार चल रहा है तो इसकी सूचना विभाग एवं पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।