ऊना। क्षेत्र के पंडोगा में लगाए गए नाके के दौरान एसआईयू टीम ने 349 टीन बिरोजा सहित एक ट्रक को पकड़ा है, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार है।
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात एसआईयू की टीम ने पंडोगा बैरियर पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान ऊना से होशियापुर की ओर जा रहे ट्रक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस कर्मियों को देख ट्रक चालक ने मौके से ट्रक को भगा लिया। पुलिस ने कार से ट्रक का पीछा करते हुए कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार में बैठकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक पर लगे तिरपाल को हटाकर तलाशी ली तो ट्रक के अंदर 349 टीन बिरोजे के भरे हुए थे। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने वन अधिनियम के तहत एवं धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।