बडूही (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में कॅरिअर काउंसलिंग क्लब एवं रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न वित्तीय समावेशी योजनाएं एवं साइबर अपराध से बचाव विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक चौकीमन्यार के शाखा प्रबंधक शिदेश्वर, सहायक प्रबंधक दीपक धीमान तथा बलविंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को वित्तीय योजनाओं और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी पीएम विद्यालक्ष्मी पोर्टल के माध्यम से उच्च शिक्षा के लिए डिजिटल शिक्षा ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्य कविता कौशल ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा की जानकारी बेहद आवश्यक है।