पुलिस की पूछताछ में हाथ लगेंगे कई अहम सबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नशा तस्करी के मामले में सलोह गांव से गिरफ्तार आरोपी हरप्रीत सिंह ढिल्लू को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। जहां आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के आवास में छापे के दौरान 367 ग्राम अफीम तथा दो लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह ढिल्लू निवासी सलोह तहसील हरोली जिला ऊना को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस की ओर से बुधवार को थाना हरोली, सदर, टाहलीवाल तथा थाना गगरेट में अलग-अलग चार ठिकानों पर छापे मारे। इस कड़ी में पुलिस थाना हरोली की टीम ने थाना प्रभारी सुनील के नेतृत्व में सलोह में स्थित हरप्रीत सिंह ढिल्लू नामक व्यक्ति के घर पर छापा मारा। तलाशी में हरप्रीत के घर से 367 ग्राम अफीम तथा दो लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। इसे पुलिस ने जब्त कर दिया व आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हरप्रीत सिंह पर पहले भी माइनिंग के केस दर्ज हैं। हरोली पुलिस काफी दिनों से ढिल्लू की अवैध गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए थी, जो पुख्ता सूचना मिलने पर उक्त कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि ऊना में गैंगस्टर गतिविधियों पर रोकथाम को लेकर एसआईटी का गठन किया गया है। सलोह से गिरफ्तार आरोपी हरप्रीत से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है। शनिवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।