पोल्ट्री फार्म मालिक ने दूसरे पक्ष पर लगाया वीडियो बना वायरल कर बदनाम करने का आरोप
दूसरे पक्ष का आरोप-आबादी में पोल्ट्री फार्म होने से जीना हुआ दुर्लभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल के गांव बरमला की एक खड्ड में बना पोल्ट्री फार्म विवादों का कारण बनता जा रहा है। इस पोल्ट्री फार्म से उठने वाली दुर्गंध से क्षेत्रवासी परेशान हैं। बुधवार को भी इसी मामले को लेकर पोल्ट्री फार्म मालिक और कर्ण सैनी के बीच जमकर कहासुनी भी हुई। अब यह मामला डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह तक भी पहुंच गया है। कर्ण सैनी नामक युवक की मानें तो यह पोल्ट्री फार्म आबादी से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है। इसलिए इसकी शिकायत उपायुक्त से लेकर एसडीएम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तक की गई है। उसी के बाद पशुपालन विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी। शिकायतकर्ता होने के कारण उन्होंने मुझे भी मौके पर बुलाया लेकिन गुस्साए विनोद ने उसे न केवल गालियां निकालीं बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत डीएसपी नंगल के पास पूरे सबूत के साथ की गई है। जब पोल्ट्री फार्म के मालिक विनोद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कर्ण बेवजह परेशान कर रहा है और उनकी गैर हाजिरी में पोल्ट्री फार्म का वीडियो बना वायरल कर रहा है। विनोद ने कहा कि उसका पोल्ट्री फार्म एक खड्ड में बना है और वर्षों पुराना है जबकि उनके पोल्ट्री फार्म के बाद ही उसके आपपास मकान बने हैं। विनोद ने कहा कि प्रशासन की ओर से जो नए दिशा- नर्देश जारी किए हैं उसे भी पूरा किया जा रहा है। डीएसपी कुलवीर सिंह ने कर्ण सैनी की ओर से विनोद कुमार के खिलाफ शिकायत देने की पुष्टि की है। कहा कि इस शिकायत की जांच थाना प्रभारी इंसपेक्टर राहुल शर्मा को सौंपी गई है।