मैहतपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर(ऊना)। विद्युत सब स्टेशन के पास लाइन की मरम्मत के दौरान सोमवार दोपहर को गंभीर रूप से घायल हुए ठेकेदार के कर्मचारी ने पीजीआई में दम तोड़ दिया है। मैहतपुर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज एक बयान में राजिंद्र कुमार पुत्र संसार चंद वार्ड 9 वादी रायेपुर सहोड़ा ने पुलिस को बताया कि गुरप्रीत उर्फ चंदन पिछले 5-6 वर्षों से निजी ठेकेदार राकेश कुमार के पास बिजली बोर्ड के माध्यम से लाइन खोलने और जोड़ने का काम कर था। सोमवार को गुरप्रीत पुत्र अशोक कुमार वासी पालकवाह 11 हजार केबी लाइन पर काम कर रहा था कि अचानक लाइन में करंट आने से वह पोल से नीचे गिर गया। बयान में राजेंद्र कुमार ने कहा है कि हालांकि फोरमैन कुलबीर सिंह ने बिजली सप्लाई कट का परमिट पहले से ही ले रखा था। फोरमैन कुलबीर सिंह और ठेकेदार राकेश कुमार कौशल उसे तुरंत ऊना अस्पताल ले गए जहां उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि घायल कर्मचारी ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। कहा कि इस संदर्भ में मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी गई है।