संवाद न्यूज एजेंसी
नारी/ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत नारी गांव में मंगलवार को एक स्कूटी सवार की टक्कर से बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, बच्ची को उपचार के लिए नजदीक स्थित निजी क्लीनिक ले जाया गया। पुलिस थाना सदर में दी शिकायत में अनु बाला निवासी नारी जिला ऊना ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी बेटियों रिधमा और ऑजस धीमान और आस पड़ोस के लोगों के साथ बाबा विश्वकर्मा के मंदिर माथा टेकने जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे जब वे नारी में मंदिर से लगभग एक किमी पीछे सड़क पर अपनी दिशा में जा रहे थे तो इसी दौरान उसकी बेटी ऑजस धीमान को सामने से आए एक स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी। स्कूटी को सागर शर्मा निवासी उपरली नारी जिला ऊना चला रहा था। हादसे में उसकी बेटी को चोटें आई हैं। आरोपी स्कूटी चालक उन्हें पास के क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के लिए लेकर गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।