बंगाणा क्षेत्र की चुरडी पंचायत में बहता पीने का पानी।संवाद
ख़बर प्रकाशित होने के बाद हरक़त में आया विभाग, अन्य उपभोक्ताओं को भी दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की रामगढ़ धार के तहत विभाग ने पीने के पानी का मिस यूज करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की चुरडी पंचायत में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए पिछले सप्ताह कुछ लोगों को टुल्लू पंप या पाइपों से पीने के पानी को व्यर्थ बहाने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया था। सोमवार को अमर उजाला ने इस खबर को प्रकाशित किया तो जलशक्ति विभाग की टीम ने चुरडी पंचायत में निरीक्षण किया। इस दौरान एक उपभोक्ता का नल टुल्लू पंप लगाने पर सील कर दिया गया। वहीं, पर अन्य को चेतावनी दी गई है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण शर्मा का कहना है कि चुरडी पंचायत के कुछ घरों में पीने के पानी की समस्या आ रही थी। हालांकि पेयजल आपूर्ति सही ढंग से चल रही है। उसके बाद भी निरीक्षण करने पर पता चला कि कुछ उपभोक्ता नल के साथ टुल्लू पंप जोड़ रहे थे, जिस कारण अन्य घरों में पीने के पानी की समस्या आ रही थी। उन्हें दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया था। इसके बाद सोमवार को फिर से विभाग के कर्मचारियों तथा अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो कुछ उपभोक्ताओं को पीने के पानी की सप्लाई को व्यर्थ बहाया जा रहा था। विभाग की टीम ने एक नल को सील कर दिया और अन्य को चेतावनी देकर छोड़ दिया। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि जो कोई व्यक्ति अपने नल के साथ टुल्लू पंप लगाते हुए पकड़ा गया। उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा, इसलिए सभी मिलकर सहयोग करें तथा पीने का पानी व्यर्थ न गंवाएं।
फोटो सहित
बंगाणा क्षेत्र की चुरडी पंचायत में बहता पीने का पानी।संवाद