ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल के समीप क्रिटिकल केयर ब्लॉक के साथ अब नए ओपीडी ब्लॉक के निर्माण कार्य में भी तेजी आई है। ओपीडी ब्लॉक का निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल में संचालित होने वाली विभिन्न ओपीडी को नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इससे अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ मौजूदा भवन में भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।
नए ओपीडी ब्लॉक में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों की ओपीडी के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध करवाने की योजना है। वर्तमान में अस्पताल में कई विभागों की ओपीडी के कारण मरीजों और तीमारदारों की भीड़ रहती है। नए भवन के तैयार होने के बाद ओपीडी सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण के साथ अस्पताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए ओपीडी ब्लॉक का निर्माण भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए भवन में ओपीडी शिफ्ट होने से मरीजों को बैठने, चिकित्सकों से परामर्श लेने और विभिन्न जांच एवं उपचार सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बता दें कि ओपीडी ब्लॉक के निर्माण को लेकर बीते दिनों बजट न मिलने के चलते कार्य प्रभावित हो रहा था। अब संबंधित विभाग को बजट जारी करने के लिए मंजूरी मिल गई है। इससे आगामी दिनों में कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। ओपीडी ब्लॉक के तैयार होने के बाद अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में भी मदद मिलेगी।
अस्पताल के ढांचे को मिल रहा विस्तार
क्षेत्रीय अस्पताल में क्रिटिकल केयर ब्लॉक और ओपीडी ब्लॉक के निर्माण से स्वास्थ्य संस्थान के ढांचे का विस्तार हो रहा है। नए भवनों के तैयार होने के बाद मरीजों को आधुनिक और सुविधाजनक वातावरण में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ओपीडी ब्लॉक के निर्माण कार्य में गति आई है। ब्लॉक में सिविल वर्क के अलावा अन्य उपकरण स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी।
डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना।