1500 रुपये का वादा जुमला निकला, तीन साल बाद भी महिलाएं सरकार से मांग रहीं हिसाब
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीनाक्षी राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से मनाली विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को 1,500 रुपये देने की हालिया घोषणा पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ का चोला ओढ़कर हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को ठगने का काम किया है।
कहा कि कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए महिलाओं की भावनाओं के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक छल किया है। मुख्यमंत्री केवल 80 हजार महिलाओं को 1,500 रुपये देने की घोषणा कर रहे हैं, जबकि पूरे प्रदेश में महिलाओं की संख्या 28 लाख से अधिक है। यह न केवल महिलाओं के साथ भेदभाव है, बल्कि खुली धोखाधड़ी भी है।
आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जब भी किसी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करते हैं, वहां की महिलाओं को भ्रमित करने वाली अस्थायी घोषणाएं कर देते हैं, लेकिन पूरे प्रदेश की महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार आज भी नहीं मिल पाया है। कांग्रेस सरकार के गठन को लगभग तीन साल हो चुके हैं, लेकिन महिलाएं आज भी अपने मुख्यमंत्री से 1,500 रुपये का हिसाब मांग रही हैं। मुख्यमंत्री बार-बार योजना पर शर्तों का हवाला देते हैं, जबकि चुनाव के समय स्पष्ट कहा गया था कि कोई शर्त नहीं होगी और हर महिला को 1,500 रुपये मिलेंगे। यह कांग्रेस की दोहरी नीति और झूठे चरित्र को उजागर करता है।