लठियाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के लठियाणी बाजार में मिठाई लौटाने और उसके बदले एनर्जी ड्रिंक मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने हलवाई की दुकान पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार पवन पुरी पर बेसबॉल से वार किए और बेसबॉल व कुल्हाड़ी से दुकान का काउंटर तथा अन्य सामान तोड़ दिया। हमले में दुकानदार के बाएं बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में लठियाणी निवासी पवन पुरी ने बताया कि 30 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे वह अपने भाई शुभम पुरी के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर कुछ युवक वहां पहुंचे और आधा किलो मिल्क केक खरीदा। कुछ देर बाद वे मिठाई वापस करने आए और बदले में एनर्जी ड्रिंक मांगने लगे। पवन पुरी ने ऐसा करने से मना कर दिया, जिसके बाद वे वहां से चले गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद तीन युवक दो बाइक पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। इनमें एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली और दूसरी संतरी रंग की पंजाब नंबर की बाइक थी। आरोप है कि तीनों के हाथों में बेसबॉल और कुल्हाड़ी थी। उन्होंने दुकान पर पहुंचते ही उस पर बेसबॉल से हमला कर दिया और दुकान के काउंटर सहित अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान उसका भाई डरकर वहां से भाग गया। पवन पुरी ने भी दुकान से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी बंगाणा की तरफ भागगए। पवन पुरी ने बताया कि रात होने के कारण उसने खुद ही दवाई ली और बाद में पुलिस को शिकायत सौंपी।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी कब्जे में ली है।