एससी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने शनिवार को एससी आयोग के रामपुर स्थित भवन में जिला की अनुसूचित जाति के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अनुसूचित आयोग के सदस्य सचिव एवं एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान तथा आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा भी उपस्थित रहे।
कुलदीप कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के लोगों के साथ किसी तरह का भेदभाव और उनके अधिकारों का हनन न हो, यह सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने कहा कि आगे भी समय-समय पर अनुसूचित जाति के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा। एससी आयोग के अध्यक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री को माफी मांगनी चाहिए। समस्त अनुसूचित जाति वर्ग, दलित व शोषित वर्ग इस टिप्पणी की घोर निंदा करता है। अनुसूचित जाति के लोगों को समाज में रहने, खाने और शिक्षा का एक समान हक दिलाने वाले डॉ भीमराव आंबेडकर एससी वर्ग के मसीहा हैं। एससी वर्ग ऐसी गलत टिप्पणियां को बर्दाश्त नहीं करेगा।