मैहतपुर-ऊना मार्ग पर जलग्रां के पास हादसा
ऊना। मैहतपुर-ऊना मार्ग पर जलग्रां के पास एक कार सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे जलग्रां निवासी किशन सिंह स्कूटी पर रक्कड़ कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जलग्रां स्थित कबाड़ी की दुकान के पास उन्होंने देखा कि मैहतपुर की ओर से तेज गति से आ रही एक कार सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक के पास खड़ा उसका चालक रामपाल निवासी शिवालिक कॉलोनी, जलग्रां नीचे गिर गया और उसकी टांग में चोट आई। प्रत्यक्षदर्शी ने तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।