विश्व स्वास्थ्य दिवस पर रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भदसाली में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। एनसीसी कमांडर कर्नल रविंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कैसे अपने आसपास और अपने शरीर की सफाई रखनी है, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शरीर की सफाई से भी अधिक महत्वपूर्ण मन की सफाई है। मन की सफाई से दिमाग सकारात्मक अवस्था में रहता है। जिससे व्यक्ति के अंदर सृजनात्मकता आती है और वैज्ञानिक दृष्टिकोण बढ़ता है। कुछ नया करने का भाव उठता है। नया करने से ही व्यक्ति का विकास होता है। मानव जीवन का विकास भी इसी सिद्धांत के आधार पर हुआ है। पशु, पक्षी और जानवर जो बुद्धिहीन होने के कारण कुछ नया नहीं कर पाए। वे वहीं के वहीं हैं। स्वच्छता के कारण ही मानव जीवन सर्वश्रेष्ठ माना गया है। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने गांव और बाजार में से रैली निकाली और लोगों को स्वास्थ्य दिवस पर अपने शरीर और मन को कैसे तंदुरुस्त रखना है, के बारे में जागरूक किया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को अपने जीवन में अनुशासन लाने का भी आह्वान किया। प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर ने अपनी देखरेख में विद्यालय के बच्चों से नारा लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी करवाई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले बच्चों को इनाम देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में बच्चों को बताया कि भगवान के बाद दूसरा स्थान हमारे स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। आज हर व्यक्ति किसी न किसी बीमारी से जूझ रहा है। इसका कारण उनका स्वास्थ्य ठीक न होना है। यदि हम अपने आसपास सफाई रखेंगे। तो आधी से अधिक बीमारियां अपने आप ही दूर हो जाएंगी। इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रभारी तथा स्टाफ के अन्य सदस्य अभी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। संवाद