यूथ डेवलपमेंट क्लब द्वारा स्वच्छता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। जिला ऊना के सीमांत क्षेत्र में यूथ डेवलपमेंट क्लब की ओर से स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसमें स्वयंसेवक, युवा मंडल, महिला मंडल और स्थानीय नागरिक भाग ले रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने दैनिक जीवन में कुछ समय सफाई के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित करना है। ग्राम पंचायत जोह में आयोजित कार्यक्रम में उपप्रधान नंद गोपाल ने कहा कि स्वच्छ परिवेश रोगों से बचाव में सहायक है और स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने पौधरोपण को भी आवश्यक बताया। आशा कार्यकर्ता निंदिया ने कहा कि स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। वार्ड सदस्य सुरेंद्र कुमार ने स्वच्छता को स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक संबंधों के लिए भी अहम बताया। क्लब निर्देशिका मीनाक्षी ने बताया कि अभियान के तहत युवाओं और समुदाय को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, शौचालय के उपयोग और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।