नंगल (ऊना)। नगर काउंसिल नंगल में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए इंदिरा नगर कम्युनिटी सेंटर में एक दिवसीय ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया गया। सहायक पर्यावरण इंजीनियर आदित्य शर्मा ने कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक (थर्माकोल प्लेट, कप, स्ट्रॉ आदि) के पर्यावरणीय और स्वास्थ्य प्रभावों पर जागरूक किया। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक जलने या वातावरण में घुलने पर जहरीले पदार्थ पैदा होते हैं, जो हार्मोनल असंतुलन, कैंसर, बांझपन और त्वचा रोगों का कारण बन सकते हैं। सफाई कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों ने शहर का कूड़ा उठाते समय गीला और सूखा कचरा अलग रखने की शपथ ली। इस अवसर पर आदित्य शर्मा और सहायक पर्यावरण इंजीनियर तानिया मुख्य रूप से मौजूद रहे।