संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत गांव पुबोवाल में बुधवार को जमीन विवाद के चलते दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर करीब 15 लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की। जानकारी के अनुसार पहले पक्ष से पवन कुमार निवासी गांव पुबोवाल तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बीती 21 मई को उन्होंने अपनी जमीन की निशानदेही राजस्व विभाग के कानूनगो और पटवारी की मौजूदगी में करवाई। इसके बाद वे बुधवार को जेसीबी मशीन से इस जगह को साफ कर रहे थे तो आरोपियों तृष्ला देवी, राजेश कुमार, देवकी नंदन, अर्पणा देवी, किरण देवी, संजीव कुमार सभी निवासीगण पुबोवाल ने उनके साथ पत्थर, ईंटों व डंडों से मारपीट की और उन पर मिट्टी का तेल डाल कर जलाने का प्रयास किया। दूसरे पक्ष के देवकी नंदन निवासी गांव व डाकघर पुबोवाल तहसील हरोली जिला ऊना ने पुलिस को शिकायत में बताया कि आरोपियों सौरव वासुदेवा, गौरव वासुदेवा, अमित वासुदेवा, सुमित वासुदेवा, विवेक वासुदेवा, दीपक वासुदेवा, राकेश कुमार, पवन कुमार सभी निवासी पुबोवाल ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर इनकी गैरहाजिरी में निशानदेही ली। उनके घरों को बाहर से तालाबंदी करके जेसीबी से उनकी सारी जमीन को समतल कर दिया। इस दौरान उनके मकान की नींव भी उखाड़ दी। कहा कि उनका घर गिरने का हालत में है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।