14 मई को सड़क पार कर रहे बलविंद्र सैनी को बाइक सवार ने मारी थी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत चंडीगढ़-धर्मशाला सड़क मार्ग पर 14 मई को सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल बलविंद्र सिंह सैनी निवासी गांव व डाकघर ईसपुर तहसील हरोली, जिला ऊना को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया था। बीते बुधवार को उपचार के दौरान उनकी पीजीआई में मौत हो गई। मामले में शिकायतकर्ता रोहित कुमार निवासी वार्ड-5 अप्पर बसाल जिला ऊना ने पुलिस को बताया कि वह और उसका दोस्त सुनील कुमार निवासी गांव नारी जिला ऊना सुनील की बाइक पर निजी काम से ऊना गए थे। बाइक सुनील चला रहा था। जब वे दोनों वापस घर जा रहे थे तो शिवम आर्थोकेयर अस्पताल के पास एक व्यक्ति सड़क पार करके दूसरी तरफ जाने लगा लेकिन बाइक की गति अधिक होने के कारण चालक सुनील कुमार बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बाइक सड़क पार कर रहे व्यक्ति के साथ टकरा गई। हादसे में पैदल जा रहा व्यक्ति बलविंद्र सैनी निवासी गांव व डाकघर ईसपुर तहसील हरोली जिला ऊना गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान बलविंद्र सैनी को बचाया नहीं जा सका। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।