संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में नवरात्र खत्म होने के बाद भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु शीश नवाने पहुंच रहे हैं। रविवार को अवकाश के दिन हजारों की संख्या में लोग मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे। सुबह चार बजे मां चिंतपूर्णी दरबार के कपाट खुल गए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही भी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोपहर तक लंबी कतारें नए बस अड्डा के करीब पहुंच गई।
इस दौरान तीखी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। हालांकि भीड़ लगातार बढ़ती देखकर कई श्रद्धालु बिना दर्शन के किए ही लौट गए। जानकारी के अनुसार मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार शाम 6:00 बजे तक करीब 27,000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें बाजार में लगी रहीं जोकि देर शाम तक जारी रही। दर्शनों के लिए भक्तों की दो कतारें लगाई गई। सुबह से दोपहर होते ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। हालत यह थी कि श्रद्धालुओं की कतार दुर्गा भोजनालय तक पहुंच गई। नवरात्र के बाद अचानक बढ़ी भीड़ के आगे प्रशासनिक व्यवस्थाएं बौनी नजर आईं। कतारों में व्यवस्था को बनाकर रखने के लिए नाममात्र के सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। कतारों में लगे श्रद्धालु इधर-उधर से घुसते रहे। इससे श्रद्धालुओं में बहसबाजी और नोकझोंक होती रही। उधर, लिफ्ट के इस्तेमाल को लेकर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
रविवार को लिफ्ट पहले की अपेक्षा कम चली लेकिन यहां श्रद्धालुओं का जमघट लगने से स्थानीय लोगों को आवाजाही और कतारों में लगे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हुई। यहां भी कोई सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को समझाने की जहमत नहीं उठा पाया। जब कभी लिफ्ट खुलती तो काफी संख्या में श्रद्धालु लिफ्ट वाले कमरे के भीतर घुस जाते। बता दें कि रविवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान सहित देश के अन्य राज्यों और विदेशों से भी मां के भक्त दरबार पहुंचे। नवरात्र के बाद भी श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही से मंदिर प्रशासन को व्यवस्थाएं बनाकर रखने में काफी पसीना बहाना पड़ रहा है। वहीं, अतिरिक्त मंदिर अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि रविवार को पहले की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई।
लिफ्ट पर रविवार को नियंत्रण रखा गया। मात्र जरूरतमंद लोगों को ही भेजा गया। बाकी समय में लिफ्ट पर ताला जड़ा गया। थाना प्रभारी रोहिणी ठाकुर ने बताया कि रविवार के दिन भीड़ में काफी वृद्धि दर्ज की गई। ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी मेहनत की। लिफ्ट पर भीड़ इकट्ठा होने से अवरुद्ध हुई सड़क खोलने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए।