27 से 30 अक्तूबर तक बाल विवाह और बाल शोषण के खिलाफ चलेगा अभियान
: विधिक सेवा प्राधिकरण ने सौंपी जिम्मेदारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्ययोजना के तहत 27 से 30 अक्तूबर तक चयनित शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें बाल विवाह और बाल शोषण के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत मेरा बचपन, मेरा अधिकार, कानून जानो, बचपन बचाओ, सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन और न बाल विवाह, न बाल शोषण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों में जिला बाल संरक्षण इकाई, पुलिस विभाग और बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कार्यक्रमों के संचालन के लिए पैनल अधिवक्ताओं और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। स्कूल प्रबंधन को आयोजन में सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा ऊना अनिल कुमार तक्खी ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों को विद्यार्थियों की संख्या, तस्वीरों और वीडियो सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित कार्यालयों को भेजनी होगी।