कहा, लोगों की समस्याओं का निपटारा करने में नाकाम है सरकार और प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने पुराना होशियारपुर रोड स्थित खुले नालों को ढकने में नाकाम सरकार और प्रशासन पर हमला बोला है। विधायक ने कहा कि मंगलवार को भी लोक दिखावे के लिए कांग्रेस से जुड़े लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नालों की इस समस्या को लेकर बड़ी उच्च स्तरीय बैठक बुलाई थी। बैठक में लोगों को क्या जवाब दिया गया यह भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए था। विधायक ने कहा कि सड़क के किनारे खुले नाले ढकने तक के लिए सरकार और प्रशासन के पास पैसा नहीं है। इस अवस्था में मुख्यमंत्री को तुरंत कुर्सी छोड़ देनी चाहिए और डीसी ऊना के कार्यालय को ताला लगा देना चाहिए। जब प्रशासन और सरकार लोगों की समस्याओं का निवारण ही नहीं कर पा रहे हैं तो उनका होना न होना एक बराबर है। सरकार के पास बाहरी राज्यों के कलाकार बुलाकर लाखों रुपये उन पर उड़ाने के लिए तो खुला बजट है, लेकिन विभिन्न दुर्घटनाओं में मौत का शिकार होने वाले लोगों को बचाने के लिए सरकार के पास पैसा ही नहीं है। पुराना होशियारपुर रोड स्थित इस ब्लैक स्पॉट को ठीक करने के लिए स्थानीय लोगों ने नवंबर 2024 में प्रशासन को ज्ञापन दिया। खुद जिलाधीश मौका देखने के लिए पहुंचे, लेकिन कार्रवाई के नाम पर एक बड़ा शून्य आज भी उस जगह सरकार और प्रशासन के निकम्मेपन की गवाही दे रहा है। शायद मुख्यमंत्री का व्यवस्था परिवर्तन यही है, जिसमें लोगों की समस्याओं को अनदेखा करके बाहरी कलाकारों को बुलाकर उन पर लाखों उड़ाने की व्यवस्था की गई है