ऊना। जल शक्ति विभाग की प्रमुख अभियंता अंजू शर्मा ने जिले की 1,012 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरोली स्थित जल शक्ति विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में मुख्य अभियंता (हमीरपुर क्षेत्र) रोहित दुबे और अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान सहित विभिन्न मंडलों के अधिकारी मौजूद रहे। अंजू शर्मा ने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। अंजू शर्मा ने दौरे के दौरान पूबोवाल और बीटन के तालाबों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण की दृष्टि से ऐसे कार्यों को और बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल के संरक्षण और उसके जमीन में समावेश से भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिलती है। अधिकारियों को इस दिशा में भी उपयोगी कार्यों की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
जल शक्ति विभाग ऊना के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि जिले की कुल योजनाओं में 52 पेयजल, 61 सिंचाई, 11 सीवरेज, 10 बाढ़ सुरक्षा और दो भवन निर्माण की योजनाओं का निरीक्षण किया गया।