ऊना। ई-वाहन खरीदने के बाद सबसे बड़ी चिंता अगर कहीं रास्ते में बैटरी खत्म होने की है तो अब यह परेशानी धीरे-धीरे दूर होने वाली है। जिले में ई-वाहनों के पहिये थमने न पाएं, इसके लिए अब सड़क किनारे ही चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने जिले में चार्जिंग पॉइंट का जाल बिछाने की योजना पर काम तेज कर दिया है। पहले चरण में बालीवाल और कलरूही में हाईस्पीड ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
यहां वाहन करीब एक घंटे में शून्य से 100 फीसदी तक चार्ज हो सकेंगे। परिवहन विभाग ने दो स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का जिम्मा एग्रीनेट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा है। कंपनी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इसके बाद जिले के अन्य हिस्सों में भी चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए करीब 20 स्थान चिह्नित किए हैं। जिले में चार्जिंग पॉइंट बढ़ने से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ई-वाहनों का संचालन आसान होगा।
खासकर ऊना से दूसरे जिलों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को रास्ते में चार्जिंग सुविधा मिलने से सफर की योजना बनाना आसान होगा।