ऊना। शहर में जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए नालों की चैनलाइजेशन का काम जुलाई 2022 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने ऊना शहर के पांचों नालों का तटीकरण करने के लिए 22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह जानकारी छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने दी।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि में से 10 करोड़ रुपये जल शक्ति विभाग को मिल चुके हैं। चैनलाइजेशन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब जल शक्ति विभाग तकनीकी स्वीकृति के लिए ड्रोन से दोबारा सर्वे कर रहा है। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता नरेश धीमान टीम के साथ री-सर्वे में लगे हैं।
री-सर्वे का कार्य पूर्ण होने के बाद पहले की डीपीआर में रह गई कमियों और नए क्षेत्रों को चैनलाइजेशन के काम में जोड़कर तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद टेंडर किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जुलाई 2022 से पूर्व चैनलाइजेशन का कार्य जन सहयोग से पूर्ण कर लिया जाएगा।