अब आपके घर का नंबर जल्द बदल जाएगा। शहर में बने घरों की लोकेशन ठीक करने के लिए परिषद नए सिरे से गली व मकान नंबर जारी करेगी। यह अहम फैसला नगर परिषद ऊना की अहम बैठक में लिया गया। नगर परिषद ऊना शहर में बहुत से अहम बदलाव करने जा रही है। इसके तहत जल्द ही नगर परिषद शहर के हाउस नंबरों को सिरीज के हिसाब से बदलने की कवायद शुरू करने जा रही है। इससे शहर वासियों को अब नया हाउस नंबर मिलेगा।
नगर परिषद ऊना की बैठक वीरवार को नप अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें शहर के विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों व पहलुओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कई प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके तहत शहर में सभी घरों के नंबरों को सीरीज के अनुसार दोबारा आबंटित किया जाएगा। इससे शहर वासियों के स्ट्रीट व हाउस नंबर भी बदल जाएंगे। हाउस नंबरों को सीरीज के हिसाब से करने के लिए जल्द ही सर्वे का कार्य शुरू हो जाएगा।
बैठक में नप ने वर्ष 2010 से लंबित चले आ रहे 125 नक्शों में से 40 को पास कर दिया। वहीं 35 पेंशन धारकों की पेंशन को क्लीयर किया गया। इसके अलावा वार्ड नंबर 1 में नाला पक्का करवाने का भी प्रस्ताव पास किया गया। अमरजोत बेदी ने कहा कि नप के तहत ठेकेदारों को दिए जाने वाले टेंडर के तहत समय पर कार्य शुरू नहीं करवाता है तो नप उस पर सख्त कार्रवाई अमल में लाएगी। इसके तहत संबंधित ठेकेदार का टेंडर रद्द होने के साथ-साथ उसका नाम ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाएगा।
वहीं शहर में स्ट्रीट लाइट्स को मेंटेन रखने के लिए नप ने विद्युत बोर्ड से एक स्थाई कर्मचारी की नियुक्ति किए जाने का भी प्रस्ताव पास किया है। इसके अलावा पिछले छह माह से ऊना शहर के पोस्ट ऑफिस में सीवरेज टैंक लीक होने से पेश आ रही समस्या को लेकर भी नप ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को पोस्ट ऑफिस के शौचालयों पर ताला जड़ने के भी निर्देश जारी किए हैं। बैठक में रमेश कुमार, पवन कुमार कपिला, शिव कुमार सैणी, सोनिया, सुमन, शिवानी, पुष्पा, आनंतवीर, सलिंद्र पाल, हरजिंद्र कौर सहित अन्य उपस्थित रहे।