अंब (ऊना)। पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब की एनसीसी इकाई के 24 कैडेट्स ने इंडस विश्वविद्यालय बाथू में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। शिविर समाप्ति के बाद बुधवार को स्कूल परिसर पहुंचने पर प्रधानाचार्य और स्टाफ सदस्यों ने सभी कैडेट्स और एएनओ गणेश लट्ठ का स्वागत किया। इस अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले सभी कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानाचार्य विनोद बनियाल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हेड कैडेट अनिका शर्मा और कैडेट सूर्यांश ने शिविर के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शिविर में उन्हें अनुशासन, परेड, टीम भावना, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न प्रकार के शारीरिक एवं सांस्कृतिक प्रशिक्षण प्राप्त हुए। कैडेट्स ने शिविर के सीईओ लेफ्टिनेंट कर्नल रविंद्र सिंह और उनके साथ उपस्थित सभी प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।