ग्राउंड रिपोर्ट
दोपहिया और चौपहिया वाहन चालक परेशान, लोक निर्माण विभाग नहीं दे रहा कोई ध्यान
विभाग से जल्द ही समस्या के समाधान की उठाई मांग
राकेश राणा
बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाली खरयालता पंचायत के तलमेहड़ा बाजार चौक की सड़क खस्ता हालत में है। जब से यह पंचायत दो भागों में बांट दी गई है, तब से न तो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र और न ही चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व इस चौक पर ध्यान दे रहा है।
तलमेहड़ा बाजार चौक से चार सड़कें अलग-अलग स्थानों की ओर जाती हैं। एक तलमेहड़ा जोल, दूसरी तलमेहड़ा सोहारी टकोली, तीसरी तलमेहड़ा डीहर राजपुरा और चौथी तलमेहड़ा डुमखर बंगाणा। इस कारण चौक पर दिन-रात वाहनों का आवागमन बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की अनदेखी के कारण यहां डाली गई सीमेंट की सड़क टूट चुकी है और उसमें डाले गए सरिये बाहर निकल आए हैं। इससे दोपहिया और चौपहिया वाहनों के चालक परेशान हैं।
स्थानीय लोगों की शिकायतें
सड़क पर डाले गए सरिये मोटरसाइकिल, स्कूटी और अन्य वाहनों के टायर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। विभाग जल्द ही समस्या का समाधान करे। -भलखूं से देसराज शर्मा
तलमेहड़ा बाजार चौक पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। सड़क पर निकले सरियों की वजह से छोटे-बड़े वाहन चालक हर दिन मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। -सरनोटी से प्रवीण शर्मा
बड़े वाहनों को कभी भी नुकसान पहुंच सकता है। सड़क में डाले गए सरिये बाहर निकल चुके हैं, जिससे गाड़ी के टायर फटने का डर बना रहता है। -रौनखर के तरसेम शर्मा
सड़क पर डाले गए ब्लॉक भी खिसकने लगे हैं। यदि तुरंत रिपेयरिंग न हुई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। -बडोआ से नरेश शर्मा
प्रशासन की प्रतिक्रिया
जोल लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।