मैहतपुर (ऊना)। ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा में शनिवार को चोरों ने हालांकि दो घरों के ताले तोड़े थे लेकिन उनके निशाने पर कई घर थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि चोर जूते हाथ में उठाए गलियों में घूम रहे हैं। इनकी संख्या पांच से आठ तक हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार दर्शन कुमार के घर से चुराए सामान में नए तथा पुराने कपड़े तथा अन्य सामान को उठा ले जाना एक-दो लोगों का काम नहीं हो सकता। हालांकि गांव की सभी गलियों में स्ट्रीट लाइट जलती रहती हैं और कुछ विशेष जगह पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। दर्शन कुमार के परिजनों ने बताया कि वे ऊपर वाले कमरे में सो रहे थे, नीचे कमरे को ताला लगा रखा था।
इसी का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर का सारा सामान चुरा लिया। घर में रखे चांदी के कड़े तथा करीब 10 हजार की नकदी पर भी हाथ साफ कर गए। सीसीटीवी फुटेज में चोरों को मोहल्ला बुझा के कई घरों में चोरी का प्रयास करते देखा जा सकता है।
चोरों ने नाग देवता मंदिर के मुख्य गेट से भी ताक झांक की लेकिन वे सफल नहीं हुए। दिन में घरों की रेकी कर रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार चोरों के निशाने पर अधिकतर वे घर रहे, जो बंद पड़े हैं या फिर लोग दूसरे कमरों में सो रहे होते हैं।
इसी रात निर्मल सहोड़ का घर भी चोरों के निशाने पर आया, क्योंकि वह भी पिछले तीन-चार महीनों से बंद पड़ा है। एक ही रात में चोरी की इन घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग उठाई है कि पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि लोगों को स्थानीय स्तर पर भी सक्रिय रहना होगा। पुलिस को भी अतिरिक्त सक्रियता बरतने को कहा जाएगा। संवाद