अपने चहेतों और अधिकारियों को बचाने के लिए सीबीआई जांच से भाग रही सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग उठ रही है। पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने बंगाणा में मीडिया से घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जब तक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आएगी। विमल नेगी की मौत कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आशंका जताई कि यह कोई सामान्य घटना नहीं हो सकती, बल्कि इसके पीछे कोई बड़ा षड्यंत्र हो सकता है। विमल नेगी के परिवार ने भी इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है तो राज्य की सुक्खू सरकार सीबीआई जांच से क्यों भाग रही है। इसका मतलब साफ है कि विमल नेगी की अकस्मात मृत्यु पर कोई बड़ा प्रश्न है और सुक्खू सरकार अधिकारियों एवं अन्य आरोपियों को बचाने की तैयारी में है।