थानाकलां (ऊना)। बरसात के दिनों में जिले में वायरल बुखार के मरीजों को संख्या बढ़ना शुरू हो गई है। बदलते मौसम, गंदगी और बढ़ती नमी के कारण बड़ी संख्या में लोग बुखार, खांसी-जुकाम, बदन दर्द और गले की खराश जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल से लेकर जिले के अन्य अस्पतालों में इन दिनों वायरल के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार को मरीजों की भीड़ देखने को मिली। ओपीडी के बाहर मरीज कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस दौरान वायरल से ग्रस्त 150 मरीज उपचार करवाने के लिए पहुंचे।
दूसरी तरफ नागरिक अस्पताल बंगाणा में आम दिनों में जहां ओपीडी 70 से 75 के आसपास रहती थी, वहीं इन दिनों यह बढ़कर प्रतिदिन 130 के करीब पहुंच रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में भी ओपीडी 230 पहुंच गई।
इससे अस्पताल स्टाफ पर काम का दबाव भी बढ़ गया। डॉ. अतुल राणा का कहना है कि बरसात के मौसम में वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है। लोगों को चाहिए कि खुद दवा न लें और समय पर अस्पताल आकर जांच करवाएं। स्वच्छता और सतर्कता ही इससे बचाव का उपाय है।
स्वास्थ्य खंड अधिकारी थानाकलां डॉ. नरेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि उबला हुआ पानी पिएं, खाने-पीने में साफ-सफाई का ध्यान रखें।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था करने की बात कही है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने कहा कि बरसात के दिनों में वायरल के मामले बढ़ते हैं। ऐसे में इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक हो गई है। लोगों को इन दिनों खान पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।