ऊना के कलरूही में रेलवे ट्रैक पर एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक के ससुराल पक्ष के चार सदस्यों के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं वीरवार को पुलिस ने आरोपियों को सात दिनों के भीतर थाने में रिपोर्ट करने के लिए नोटिस जारी किया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही युवक को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और वह ऊना में नौकरी करता था, जबकि उसकी पत्नी चंडीगढ़ में कार्यरत थी। परिजनों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों से युवक और उसकी पत्नी के बीच रिश्तों में खटास आ गई थी। आरोप है कि युवक को पत्नी के मोबाइल पर कुछ आपत्तिजनक चैट मिली थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दीं। इसी मानसिक दबाव और निरंतर मिल रही धमकियों के कारण युवक गहरे तनाव में रहने लगा था।